
Mumbai. देश की जनता को जागरूक करने में अहम ज़िम्मेदारी निभाने वाले न्यूज़ चैनल्स ही अब कठघरे में हैं। तीन न्यूज़ चैनल्स पर टीआरपी यानी टेलीविज़न रेटिंग पॉइंट में घोटाले का आरोप लगा है। इनमें सबसे बड़ा नाम है रिपब्लिक टीवी नेटवर्क का है। मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने यह आरोप लगाया है।
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने आरोप लगाया है कि रिपब्लिक टीवी कुछ लोगों को हर महीने 400 से 500 रुपये का लालच देकर अपनी टीआरपी बढ़ा रहा था। इस मामले की शिकायत टीआरपी बताने वाली एजेंसी बीएआरसी ने खुद की थी। जिसके बाद मुंबई पुलिस की कार्रवाई में इस घोटाले का खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक टीआरपी घोटाले में मुंबई पुलिस के पास कई अहम सबूत हैं। मुंबई पुलिस ने इस मामले में विशाल भंडारी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि टीआरपी के इस पूरे खेल में संजू राव नाम के शख्स का सबसे बड़ा हाथ है। संजू राव ही विशाल भंडारी को चैनल्स की लिस्ट और पैसे दिया करता था। जिसके बाद विशाल भंडारी उन घरों में रहने वाले लोगों से संपर्क कर पैसे पहुंचाया करता था। मुंबई में कई लोगों को रिपब्लिक टीवी पूरे दिन चलाकर रखने के लिए कहा गया था। भले वो टीवी देखें या नहीं।
इस मामले में मुंबई पुलिस के खुलासे के बाद बीएआरसी ने भी बयान जारी कर जांच का स्वागत किया है। साथ ही जांच में हर मदद देने का भरोसा भी जताया है। वहीं, इस खुलासे के बाद शिवसेना ने रिपब्लिक टीवी के अर्नब गोस्वामी को गिरफ्तार करने की मांग की है। सूत्रों की माने तो मुंबई पुलिस रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।